Attack on law in Prayagraj: Elder brother enraged by younger brother’s arrest, headbutted inspector, Diwan seriously injured
डायल 112 पर सूचना के बाद पहुंची पीआरवी टीम पर लाठी-डंडों से हमला, नशे में चाकू लहराने का था आरोप, दोनों सगे भाई गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट
UP Prayagraj प्रयागराज। – पुलिस के सख्त तेवरों के बावजूद अराजक तत्वों का हौसला कम नहीं हो रहा है। शनिवार रात दारागंज थाना क्षेत्र में पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) पर तैनात एक दारोगा और एक दीवान पर दो सगे भाइयों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दारोगा का सिर फट गया, जबकि दीवान के हाथ, पैर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, दारागंज क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपने ही परिवार के सदस्य पर चाकू से हमला करने की कोशिश की जा रही थी। इस संबंध में किसी ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात दारोगा हितेंद्र सिंह और दीवान राहुल कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे।
मौके पर चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र के नांदी तौरा गांव निवासी राजा वाल्मीकि नशे की हालत में हाथ में चाकू लेकर गाली-गलौज कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को काबू में करते हुए उसे पकड़ लिया। इसी दौरान अचानक उसका बड़ा भाई शिवमोहन वाल्मीकि लाठी लेकर मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। राजा भी खुद को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस पर टूट पड़ा।
अचानक हुए हमले में शिवमोहन ने बेतहाशा लाठी चलाई, जिससे दारोगा हितेंद्र सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और दीवान राहुल कुमार श्रीवास्तव भी बुरी तरह घायल हो गए। बावजूद इसके, पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए दोनों भाइयों को काबू में कर लिया।
दारोगा हितेंद्र सिंह की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर दारागंज ज्ञानेश्वर मिश्रा ने बताया कि दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
