मुंगारी गांव में देर रात ढही दीवार के मलबे में दबे तीन लोग; ग्रामीणों की मदद से निकाला गया, पुलिस ने की जांच
ब्यूरो रिपोर्ट
नैनी प्रयागराज।:- औद्योगिक थाना क्षेत्र के मुंगारी गांव स्थित कोहराना बस्ती में बृहस्पतिवार की देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक कच्ची दीवार अचानक ढह जाने से कमरे में सो रही 60 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई, जबकि उसके दो नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। रात के सन्नाटे में हुई इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मुंगारी गांव निवासी कन्हैया लाल की पत्नी गीता देवी (60) अपने दो नाती यश पुत्र संजय और शुभम पुत्र संजय के साथ कमरे में सो रही थीं। रात करीब दो बजे अचानक मकान की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दब जाने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घर में मची चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान गीता देवी ने दम तोड़ दिया। वहीं दोनों नातियों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी पुलिस को शुक्रवार की सुबह दी गई। सूचना पर एसओ औद्योगिक क्षेत्र विपिन कुमार पाल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि “रात में लोगों ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी। सुबह जानकारी मिलने पर टीम मौके पर पहुंची। वृद्धा की मौत हो चुकी है और दोनों बच्चे उपचाराधीन हैं।
गीता देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
