Alvida Juma prayer was offered with devotion in Mauganj, prayers were offered for peace and harmony
जामा मस्जिद मऊगंज और मऊ घुरेह्टा में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब; इमाम आरिफ आरिफी ने दी ईद की नमाज के समय की जानकारी
संवाददाता – मुस्ताक अहमद
Mauganj update:- रमजान के मुकद्दस महीने के आखिरी जुमा यानी अलविदा जुमा के मौके पर मऊगंज जिले की मस्जिदों में अकीदत और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। शुक्रवार 13 तारीख को जिले की प्रमुख मस्जिद जामा मस्जिद मऊगंज सहित मऊ घुरेह्टा में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अलविदा जुमा की नमाज अदा की और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज के बाद मस्जिद परिसर में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अलविदा जुमा की मुबारकबाद दी। मस्जिद के इमाम आरिफ आरिफी ने नमाज के दौरान रोज़ा, इंसानियत, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

इमाम आरिफ आरिफी ने जानकारी देते हुए बताया कि यदि 29 तारीख को जुमेरात के दिन चांद दिखाई देता है तो अगले दिन शुक्रवार को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। वहीं अगर चांद दिखाई नहीं देता है तो रमजान का रोज़ा जारी रहेगा और अगले दिन भी जुमा की नमाज अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि ईद की नमाज सुबह 8:30 बजे अदा कराई जाएगी।
अलविदा जुमा की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग हाफिज अजमत अली वारिस दरगाह शरीफ पहुंचे, जहां उन्होंने देश-प्रदेश की खुशहाली, अमन और तरक्की के लिए दुआ मांगी।
इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। मस्जिदों के बाहर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ रही और प्रशासन की ओर से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी इन्तजार किए गए हैं।
