A young man was attacked with a sharp-edged weapon in Prayagraj; police filed an FIR.
रामनगर में घर लौटते समय घेरकर पीटा गया युवक, मेडिकल रिपोर्ट में सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों की पुष्टि
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Crime News मेजा प्रयागराज:- मेजा थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। धारदार हथियार से किए गए इस हमले में युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मेडिकल रिपोर्ट में भी युवक को गहरी चोटें लगने की पुष्टि हुई है।
यह घटना बुधवार रात करीब 10:30 बजे की है। पीड़ित प्रेमचंद्र दुबे (पुत्र स्वर्गीय रामनरेश दुबे, निवासी समोगरा, थाना मेजा) रामनगर बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जब वह बुड़ारेपुर और समोगरा के बीच तेजबली की मशीन के पास पहुंचे, तभी गांव के ही बुधिया (पुत्र दीपक), दीपक (पुत्र बेचन प्रसाद) तथा उनके चार अन्य साथियों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने पहले प्रेमचंद्र दुबे को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनके चेहरे पर गहरा कट लग गया और शरीर में कई अंदरूनी चोटें आईं। हमले के दौरान आरोपी बुधिया ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। भीड़ जुटते देख सभी आरोपी प्रेमचंद्र और उनके परिजनों को फर्जी मुकदमों में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित प्रेमचंद्र दुबे ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोपियों से अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। उनकी शिकायत पर मेजा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रामनगर चौकी प्रभारी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की गई। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने सिर और चेहरे पर गहरे जख्म होने की पुष्टि की है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
