जगौती गांव में प्रेम विवाह के पांच साल बाद हुई दर्दनाक घटना; मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप, गांव में पसरा सन्नाटा
ब्यूरो – रवि शंकर गुप्ता
प्रयागराज करछना।:- यमुनानगर क्षेत्र के करछना थाना अंतर्गत जगौती गांव में शनिवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 25 वर्षीय नंदिनी पटेल, पत्नी धनंजय कुमार पटेल, का शव घर के अंदर फंदे से लटकता हुआ मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
नंदिनी मूल रूप से मेजा थाना क्षेत्र के ममोली गांव की रहने वाली थी। करीब पांच साल पहले उसने धनंजय से प्रेम विवाह किया था। उस वक्त दोनों परिवारों की सहमति से यह शादी संपन्न हुई थी। शुरुआत में सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन मायके पक्ष का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर नंदिनी पर दबाव डालने लगा।
मृतका के पिता ने बताया कि नंदिनी कई बार फोन पर रो-रोकर अपनी परेशानी साझा करती थी। उसने बताया था कि पति और परिवार के लोग उसे अक्सर ताने देते हैं, मायके से पैसे और सामान लाने का दबाव बनाते हैं। मायके वालों ने कई बार जाकर सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
शनिवार सुबह जब परिजनों को खबर मिली कि नंदिनी ने फांसी लगा ली है, तो सभी ममोली गांव से जगौती पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। करछना थाने की टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पति धनंजय व देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ करछना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दहेज उत्पीड़न से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के सही कारणों की पुष्टि होगी।
वहीं, गांव में इस घटना को लेकर गम और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नंदिनी एक शिक्षित और हंसमुख स्वभाव की युवती थी। उसके साथ इस तरह की घटना होना बेहद दुखद है।
पुलिस ने कहा है कि यदि दहेज उत्पीड़न के आरोप सही पाए गए, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, मृतका के परिवार ने शासन-प्रशासन से न्याय और कठोर दंड की मांग की है।
