रविवार शाम रसोई में हुआ हादसा, 60% झुलसी महिला सिविल अस्पताल में भर्ती — आरोपी पति हिरासत में, पुलिस ने शुरू की पूछताछ
संवाददाता – मुस्ताक अहमद
मऊगंज (रीवा)। -;घरेलू कलह ने रविवार शाम एक परिवार की ज़िंदगी तहस-नहस कर दी। मामूली विवाद के दौरान पति की मारपीट में एक महिला खौलते तेल की कड़ाही में गिर पड़ी और बुरी तरह झुलस गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना मऊगंज कस्बे के एक मोहल्ले की है, जहां पति-पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। रविवार को बहस बढ़ने पर पति ने पत्नी को पीटना शुरू कर दिया। झगड़े के बीच हुए धक्कामुक्की में महिला का संतुलन बिगड़ा और वह रसोई में रखी खौलते तेल की कड़ाही पर गिर गई। देखते ही देखते उसका शरीर बुरी तरह जल गया।
घटना के बाद परिवार के लोग और पड़ोसी महिला को तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा जल चुका है और उसे गंभीर स्थिति में इलाज के लिए भर्ती किया गया है।
थाना प्रभारी मऊगंज राजेश तिवारी ने बताया कि,-
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। महिला का बयान दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद आवश्यक धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।”
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी पति आए दिन शराब पीकर पत्नी से विवाद करता था। कई बार मोहल्ले के लोगों ने सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन रिश्तों में तनाव कम नहीं हुआ। रविवार की शाम यही झगड़ा एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और महिला के इलाज की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन ने अपने हाथ में ली है।
