नर्मदापुरम् (बालक) और छिंदवाड़ा (बालिका) बने चैंपियन
सिंगरौली : जिले में आयोजित 46वीं राज्य स्तरीय सब-जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन उत्साह और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। प्रदेश भर से आई टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता और अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री राधा सिंह रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला वॉलीबॉल संघ के संरक्षक एवं पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य ने की।
इस अवसर पर नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना नागेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी मोरवा निरीक्षक कपूर त्रिपाठी, थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक दीपेंद्र सिंह, लालबाबू वैश्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग में नर्मदापुरम् की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, वहीं बालिका वर्ग में छिंदवाड़ा की टीम चैंपियन बनी।
आयोजन समिति के अनुसार चयनित खिलाड़ी 23 फरवरी 2026 को सुबह शक्तिपुंज एक्सप्रेस से हुगली (कोलकाता) के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस सफल आयोजन से सिंगरौली जिले में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और उभरती प्रतिभाओं को मंच मिलने की व्यापक सराहना की जा रही है।
