12 बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.65 मीटर दर्ज किया गया
संवाददाता (उ प्र)प्रयागराज: पिछले कुछ दिन से कम हो रहे गंगा यमुना के जलस्तर में एक बार फिर तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सुबह आठ बजे की तुलना में दोपहर 12 बजे तक महज चार घंटे में यमुना के जलस्तर में 105 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी ने अफसरों सहित सभी के होश उड़ा दिए हैं।
ऐसे में बाढ़ का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा है। दोपहर 12 बजे फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 79.65 मीटर दर्ज किया गया, जो सुबह आठ बजे की तुलना में सात सेंटीमीटर अधिक था, वहीं छतनाग में गंगा का जलस्तर 78.60 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां भी महज चार घंटे में 50 सेंटीमीटर यानी लगभग आधा मीटर जलस्तर बढ़ गया है। अफसरों का कहना है कि मध्य प्रदेश की ओर बारिश व बाढ़ के कारण यह स्थिति बनी है। दो दिन में अगर जलस्तर ऐसे ही बढ़ता रहा तो बाढ़ का खतरा हो सकता है।
