
स्व. श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा में अडंगा द्वेषपूर्ण ,मुख्यमंत्री से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील
जन्मदिन पर ही हो अनावरण कार्यक्रम
भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक अजयसिंह ने रीवा में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित स्व. श्रीनिवास तिवारी जी की प्रतिमा स्थापना में पुलिस विभाग द्वारा अड़ंगा लगाये जाने को द्वेषपूर्ण बताते इसकी कड़ी आलोचना की है और आश्चर्य व्यक्त किया है| उन्होंने इसे विन्ध्य की जनता का अपमान बताया है। सिंह ने कहा कि 31 मार्च 2018 को सर्वसम्मति से नगर निगम परिषद, रीवा द्वारा स्व. तिवारी की प्रतिमा एसएएफ चौराहे पर लगाने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया था। तीस दिसम्बर 2022 को इसके लिए विधिवत टेंडर जारी किया गया। कार्य आदेश 20 सितम्बर 2023 को जारी होने के बाद नगर निगम द्वारा मांगे जाने पर विद्युत विभाग, सड़क विकास प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र तो जारी हुआ लेकिन पुलिस विभाग द्वारा अनापत्ति प्रमाणपत्र न दिए जाने के कारण कार्य रोक दिया गया है।
स्व. श्रीनिवास तिवारी की प्रतिमा का अनावरण उनके जन्म दिवस के अवसर पर आगामी 17 सितम्बर को किया जाना है| नगर निगम द्वारा दस दिनों से एसएएफ चौराहे में स्टेच्यू लगाने का कार्य किया जा रहा था परंतु पुलिस विभाग के अधिकारियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कार्य ही रोक दिया। जिसे नगर निगम ने मप्र शासन की जमीन बताई है उस पर पुलिस विभाग खुद का आधिपत्य बता रहा है। सिंह ने कहा कि जमीन तो मप्र शासन की ही है फिर चाहे वह नगर निगम की हो या पुलिस विभाग की हो| इसमें तकनीकी कारण बताकर रोकटोक करना उचित नहीं है|
अजयसिंह ने कहा स्व. श्रीनिवास तिवारी विन्ध्य की माटी के सपूत थे और वहां के सर्वमान्य कद्दावर नेता थे| ऐन मोके पर उनकी प्रतिमा की स्थापना में रोक टोक किया जाना द्वेषपूर्ण है| उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस मामले तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है ताकि प्रतिमा की स्थापना में आ रहे व्यवधानों को दूर करते हुए उनके जन्मदिन पर ही प्रतिमा का अनावरण हो सके|