ब्योहारी-सिंगरौली के बीच हुई घटना आरोपी वेंडर पकड़ा गया
सिंगरौली (वैढ़न)। अजमेर से चलकर सांतरागाछी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन के कोच बी-2 में यात्रा कर रही छात्रा जब वॉशरूम जा रही थी, उसी समय अकेला पाकर ट्रेन के वेंडर द्वारा छात्रा के साथ छेड़छाड़ की गई। डरी-सहमी छात्रा शोर मचाते हुए कोच के अंदर आई छात्रा का शोर सुनकर दूसरे यात्री बचाने के लिए पहुंचे, तब तक वेंडर दूसरे कोच में भाग गया था।
अन्य यात्रियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी तब तक वेंडर को यात्रियों ने पकड़ लिया था। वेंडर की घिनौनी हरकत से नाराज यात्रियों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। ब्योहारी से लेकर सिंगरौली स्टेशन के बीच कोई महिला पुलिस न होने से जिला पुलिस बल से महिला निरीक्षक को रात में कार्रवाई करने व छात्रा का बयान दर्ज करने के लिए भेजा गया था।
ब्योहारी-सिंगरौली के बीच की घटना
छात्रा से छेड़छाड़ की घटना कटनी और सिंगरौली के बीच की बताई जा रही है। सिंगरौली स्टेशन रात एक बजे के करीब ट्रेन पहुंची तो वहां पर पहले से इंतजार कर रही जीआरपी ने वेंडर को पकड़ लिया। इस दौरान स्टेशन में काफी गहमा-गहमी रही। हालांकि छात्रा द्वारा यह कहते हुए शिकायत करने से मना कर दिया गया कि वह हावड़ा की रहने वाली है, किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहती है। छात्रा ने वेंडर के खिलाफ मामला दर्ज करने से भले ही मना कर दिया हो, लेकिन पुलिस ने वेंडर की हरकत को गंभीरता से लेते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई उसके खिलाफ की है।
