विंध्याचल के वीवा क्लब में बहुप्रतीक्षित इंडस्ट्रियल बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों एनटीपीसी विंध्याचल, एनटीपीसी रिहंद, एनटीपीसी सिंगरौली, एनसीएल, रिलायंस पावर (सासन), हिंडाल्को (महान) तथा अदानी पावर की टीमें भाग ले रही हैं। यह आयोजन फिटनेस, टीमवर्क और अंतर-उद्योगीय सौहार्द को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री ए.जे. राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री एम. सुरेश, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम), श्री एस. के. सिन्हा, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं एफएम) एवं अध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल) तथा डॉ. बी. के. भराली, महाप्रबंधक (चिकित्सा) भी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त श्री नवनीत कुमार, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन) एवं उपाध्यक्ष (स्पोर्ट्स काउंसिल), श्रीमत्ती मृणालिनी, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) तथा श्रीमती कामना शर्मा, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
अतिथियों ने अपने संबोधन में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हैं, बल्कि टीम भावना और आपसी सहयोग को भी प्रोत्साहित करते हैं। उद्घाटन मुकाबले में एनटीपीसी विंध्याचल ने एनटीपीसी सिंगरौली को 5-0 से पराजित कर शानदार शुरुआत की, जिस पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आगामी दिनों में रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों की श्रृंखला इस टूर्नामेंट को और भी आकर्षक बनाएगी।
स्पोर्ट्स काउंसिल ने सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
