महिला सुरक्षा शाखा सिंगरौली एवं खेल और युवा कल्याण विभाग, सिंगरौली के संयुक्त तत्वाधान में विशेष जागरूकता अभियान मै हूं अभिमन्यु -3 एवं स्वच्छता ही सेवा-2025 के अंतर्गत मैराथन का आयोजन किया गया।
पुलिस मुख्यालय ( महिला सुरक्षा शाखा) भोपाल की मंशानुसार, पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत, पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान, पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी मनीष खत्री के मार्गदर्शन में तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी पी.एस. परस्ते, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर के नेतृत्व में जिलेभर में “स्वच्छता ही सेवा” एवं “मैं हूँ अभिमन्यु” विशेष जागरूकता अभियान के तहत लगातार विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन अभियानों का उद्देश्य – बालिकाओं एवं महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, समाज के युवाओं एवं पुरुषों को महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक तथा संवेदनशील बनाना, पूर्वाग्रह मुक्त सकारात्मक व्यवहार विकसित करना, तथा जन-जन में स्वच्छता की भावना जाग्रत कर स्वच्छ भारत के निर्माण में सहभागिता सुनिश्चित करना है।
इसी तारतम्य में आज दिनांक 30-09-2025 को चुनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रामनिवास शाह विधायक सिंगरौली एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल शाह द्वारा हरी झण्डी दिखाकर किया गया। मैराथन दौड़ राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम बैढ़न से प्रारंभ होकर यातायात तिराहा, मस्जिद चौक, अम्बेडकर चौक होते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त हुई। इस दौड़ में बड़ी संख्या में बालक/बालिकाओं ने भाग लिया।
विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया –
प्रथम स्थान – सुनील कुमार शाह (गोल्ड मेडल), द्वितीय स्थान – कुन्दन शर्मा (सिल्वर मेडल),तृतीय स्थान – चन्दू वर्मा (ब्रॉन्ज मेडल), इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी प्रतिभागियों को भी मेडल प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
स्वच्छता एवं समानता की शपथ
मुख्य अतिथि रामनिवास शाह विधायक सिंगरौली द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को शपथ दिलाई गई – हम कहीं भी, कभी भी लैंगिक भेदभाव नहीं करेंगे। हम महिलाओं के साथ समान अवसर एवं योगदान सुनिश्चित करेंगे। हम समाज में ऐसा वातावरण निर्मित करेंगे जिसमें नारी को उनकी योग्यता के अनुरूप उन्नति के अवसर प्राप्त हो सकें। हम आज और अभी से अपने घर से इसकी शुरुआत करेंगे। साथ ही, सभी को “स्वच्छता ही सेवा” के अंतर्गत स्वच्छता बनाए रखने, गंदगी न फैलाने, कचरे का उचित निपटान करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
विधायक रामनिवास शाह एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दरलाल शाह ने “मैं हूँ अभिमन्यु” कटआउट पर विशेष सेल्फी लेकर अभियान का समर्थन किया, जो कार्यक्रम का आकर्षण बना। कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को “मैं हूँ अभिमन्यु” प्रिंटेड टी-शर्ट वितरित की गईं, जिससे अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचा। मैराथन के उपरांत सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।
मैराथन दौड़ एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति – रामनिवास शाह विधायक सिंगरौली, भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते, प्रशिक्षु डी.एस.पी. सुश्री रोशनी कुर्मी, उप निरीक्षक सुधाकर सिंह परिहार, संदीप नामदेव, नीरज सिंह, पुलिस स्टॉफ, बालक/बालिकाएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सूबेदार आशिष तिवारी, महिला सुरक्षा शाखा सिंगरौली से उपनिरीक्षक प्रीति साकेत, सउनि अशोक सिंह तोमर, प्र.आर. नूर आलम, आर. धनंजय यादव, प्रतिक जाट, धमेन्द्र सिंह, अरूण वास्कले का विशेष योगदान रहा। साथ ही एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा सहयोग प्रदान किया गया।
इस प्रकार “स्वच्छता ही सेवा” एवं “मैं हूँ अभिमन्यु” अभियानों के संयुक्त आयोजन ने सिंगरौली जिले में समाज में जागरूकता, स्वच्छता, महिला सुरक्षा एवं समानता का सशक्त संदेश दिया।*
