बरगवां में नवरात्रि के विशेष अवसर पर नारी शक्ति आत्मरक्षा कार्यशाला का हुआ आयोजन
नारी के सशक्त होने से न केवल परिवार बल्कि पूरा समाज प्रगति की ओर बढ़ता है: विशाखा राय
सिंगरौली/बरगवां। शम्फोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल डगा बरगवां में बीते 25 सितम्बर को नवरात्रि के विशेष अवसर पर नारी शक्ति आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया,अनेक आत्मरक्षा की तकनीकें सीखीं और महिला सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। कक्षा 11वीं के छात्र प्रिया राठौर, आदित्य यादव और सिद्धार्थ सिंह राठौर ने प्रशिक्षण दिया और कार्यशाला को प्रेरणा दायी तथा ऊर्जा से भरपूर बनाया। वहीं महिलाओं को शारीरिक कौशल,मानसिक दृढ़ता और आत्म-जागरूकता के माध्यम से खुद की रक्षा करने के विभिन्न करतबों से रूबरू कराया गया। नारी शक्ति आत्मरक्षा कार्यशाला के माध्यम से नारी शक्ति को सशक्त बनने एवं उनमें आत्मविश्वास,हिम्मत और शक्ति के विकास सहित महिलाओं के प्रति होने वाले उत्पीड़न और हिंसा से खुद कैसे बचाया जा सकता है इस पर भी विस्तार पूर्वक चर्चा की गई।
नारी की उपलब्धता समाज के लिए एक खूबसूरत उपहार
वहीं संस्था प्राचार्य विशाखा राय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नारी के सशक्त होने से न केवल परिवार बल्कि पूरा समाज प्रगति की ओर बढ़ता है। नारी अपने निश्चय से किसी भी कार्य को पूरा करती है और कई क्षेत्रों में पुरुषों से बेहतर करके अपनी शक्ति का प्रदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि नारी के अंदर सहनशीलता,धैर्य,प्रेम,ममता और मधुर वाणी जैसे गुण होते हैं,जो उसकी असली शक्ति है। नारी की उपलब्धता समाज के लिए एक खूबसूरत उपहार है।इस मौके पर डायरेक्टर समीर सिंह एवं प्रतिभा सिंह प्रिंसिपल विशाखा राय सहित सभी शिक्षक गण उपस्थित रहे।
