सिंगरौली जिले के बरगवां क्षेत्र स्थित गड़ेरिया बायपास मार्ग के पास संचालित एक फैक्ट्री से निकल रहे घने धुएं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि फैक्ट्री की चिमनियों से लगातार निकल रहा काला धुआं अब लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सुबह से लेकर देर रात तक फैक्ट्री से धुआं निकलता रहता है, जिससे पूरे इलाके में धुंध जैसा वातावरण बन जाता है। लोगों ने सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन तथा बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें सामने आने की बात कही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और प्रदूषण का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि संबंधित विभागों को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक प्रदूषण स्तर की खुली जांच नहीं कराई गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई दिखाई दी है। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर वायु गुणवत्ता की जांच कराएं। यदि फैक्ट्री निर्धारित पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं कर रही है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाए और आवश्यकता पड़ने पर फैक्ट्री के संचालन पर अस्थायी रोक लगाई जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और बरगवां क्षेत्र के लोगों को प्रदूषण से राहत कब तक मिल पाती ….
