अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जो देश का एक प्रमुख छात्र संगठन है, सदैव छात्रहित एवं समाजहित में कार्य करता रहा है। महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। परिषद द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगें निम्नानुसार हैं
महाविद्यालय में सफाई कर्मियों की कमी के कारण स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित है। इसे शीघ्र दुरुस्त किया जाए।
गर्ल्स शौचालय में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन स्थापित की जाए।
महाविद्यालय परिसर में बार-बार आयोजित होने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों पर नियंत्रण लगाया जाए, ताकि शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।
विद्यार्थियों की सुविधा हेतु बसों की संख्या बढ़ाई जाए।
नई बिल्डिंग के चारों ओर शीघ्र बाउंड्री वॉल का निर्माण कर अतिक्रमण हटाया जाए।
पुस्तकालय में नवीन पाठ्य-पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
कैंटीन व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जाए।
नई बिल्डिंग में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
बी.कॉम., बी.एससी. एवं बी.ए. के परिणामों में होने वाली देरी एवं त्रुटियों को रोकने हेतु महाविद्यालय में APS सेंटर स्थापित किया जाए।
पेयजल व्यवस्था को सुधारते हुए आरओ की गुणवत्ता जांची जाए, क्योंकि बढ़े हुए टीडीएस स्तर से पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
महाविद्यालय की गिरती छवि को सुधारने हेतु आवश्यक ठोस कदम उठाए जाएं।
विद्यार्थी परिषद ने बताया कि पूर्व में भी ज्ञापन के माध्यम से इन समस्याओं को अवगत कराया गया था, किंतु अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है।
परिषद ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो विद्यार्थियों के हित में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
विद्यार्थी परिषद की ओर से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के अध्यक्ष अजीत शाह तथा नगर मंत्री एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य राहुल विश्वकर्मा सहित विद्यार्थी परिषद के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
