जनभागीदारी से ही साकार होगा स्वच्छ एवं सुंदर शहर का सपना: सविता प्रधान
सिंगरौली :-
नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान ने आज कलेक्ट्रेट एवं नगर निगम कार्यालय के मध्य निर्मित जुड़वा तालाब पार्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पार्क के चारों ओर रेलिंग के समीप डेकोरेटिव लाइट लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त बैठक व्यवस्था हेतु चेयर लगाने तथा आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ वाटर प्लांट स्थापित करने के निर्देश भी दिए। पार्क की सुंदरता बढ़ाने के लिए फाउंटेन (फव्वारा) लगाने तथा स्वच्छता बनाए रखने हेतु डस्टबीन रखने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त श्रीमती प्रधान ने स्पष्ट कहा कि पार्क परिसर में कहीं भी कूड़ा-कचरा बिखरा हुआ नहीं दिखना चाहिए। सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से पार्क की देखभाल करनी होगी, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुखद वातावरण मिल सके। उन्होंने पार्क में अतिरिक्त हरियाली बढ़ाने एवं अधिक से अधिक पौधारोपण करने पर भी जोर दिया, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहे और लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य का लाभ मिल सके।
इसके पश्चात निगमायुक्त ने कॉलेज मोड़ पर पूर्व में निर्मित नाली का निरीक्षण किया तथा वार्ड क्रमांक 39 में नव-निर्मित हो रहे तालाब के कार्यों का अवलोकन कर स्टोन पिचिंग कार्य में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत आयुक्त ने रहवासी समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने हेतु सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से ही स्वच्छ एवं सुंदर शहर का सपना साकार हो सकता है। स्वच्छता गतिविधियों में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जब शहर का प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को आत्मसात करेगा, तभी हमारा शहर वास्तव में स्वच्छ और सुंदर दिखाई देगा।
इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री अभय राज सिंह तथा उपयंत्री विपिन तिवारी उपस्थित रहे।
