
देशभर में दिवाली की धूम, धनतेरस पर सज गए बाजार
दीप पर्व दीपावली के पहले बाजार सज गए हैं। धनतेरस के पहले दिन बर्तन, सजावट के सामान, सूखा मेवा के अलावा लक्ष्मी-गणेश भगवान की मूर्ति की दुकानें सज गई हैं। शहर के सबसे बड़े बाजार चौक में दुकानों की रौकन देखते ही बन रही है। लोगों में त्योहार के प्रति काफी उत्साह देखा जा रहा है। त्योहार पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
धनतेरस आज शनिवार को मनाई जाएगी। इसके लिए कारोबारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। कार बाजार, मोटरसाइकिल बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, बर्तन और सराफा बाजार सज गए हैं। बाजार में ग्राहकों के लिए तरह-तरह के आकर्षण उपहार वाली स्कीम रखी गईं हैं। धनतेरस पर कार व बाइक की खरीद करने वालों ने पहले ही बुकिंग करा ली है। कारोबारियों के अनुसार, इस बार दिवाली पर बाजार दो सौ करोड़ के पार जाएगा।
दुल्हन की तरह सजा बाजार
धनतेरस से लेकर दिवाली तक इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में बड़ा कारोबार होता है। धनतेरस पर लोग नए फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, माइक्रोवेब आदि घर ले जाना चाहते हैं। ऐसे में ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से बाजार में अलग-अलग कीमतों के इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम शोरूम और दुकानों में रखे हुए हैं। धनतेरस पर नया सामान खरीदने का क्रेज रहता है।
स्टील, पीतल और तांबे के बर्तनों से सजा बाजार
धनतेरस पर नए बर्तन खरीदने की परंपरा है। ऐसे में बाजार स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन से बाजार सज गया है। इस दिन महिलाओं की कोशिश रहती है कि रसोई से जुड़ा कोई न कोई बर्तन धनतेरस पर घर लेकर जरूर जाएं। बर्तन व्यापारी ने बताया कि बाजार में स्टील, पीतल, तांबे के नए डिजाइन के बर्तन उपलब्ध हैं। स्टील के बर्तन वजन और वैरायटी के हिसाब से हैं। धनतेरस पर लोग नया वाहन घर लाना पसंद करते हैं। इसके लिए पहले से ही बुकिंग करा लेते हैं और धनतेरस पर घर लेकर आते हैं।
ग्राहकों के स्वागत में सजा सराफा बाजार
धनतेरस पर सराफा बाजार में भी खूब रौनक रहेगी। इस दिन सोना और चांदी खरीदना बेहद शुभ माना जाता है। वर्तमान में सोने का भाव 1,32,100 रुपये प्रति दस ग्राम तक चल रहा है। सराफा कारोबारी प्रमुख वैश्य ने बताया कि धनतेरस पर लोग आभूषणों के साथ ही चांदी और सोने के सिक्के भी खरीदते हैं। हालांकि चांदी के लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की भी डिमांड रहती है।
खील-खिलौनों व अन्य सामान की खरीदारी के लिए भी उमड़ रही भीड़
बाजार में खील-खिलौने, कपड़े, मेवा व सजावटी सामान खरीदने के लिए भी खासी भीड़ उमड़ रही है। दिवाली के लिए लोग नए कपड़े खरीद रहे हैं। सूट, लहंगा आदि कपड़ों के बाजार में इस समय खासी रौनक है। इस बार कपड़ाें का बाजार भी करीब पांच करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके अलावा ड्राई फ्रूट का बाजार भी गर्म है। दिवाली की तैयारी के लिए लोग सजावटी सामान खरीद रहे हैं।
धनतेरस पूजा का शुभ मुहूर्त
आचार्य के अनुसार, इस साल धनतेरस पर खरीदारी करने का शुभ समय- 18 अक्तूबर को दिन में 12:20 से 19 अक्तूबर को अपराह्न 01:53 बजे तक रहेगा। विशेष मुहूर्त शाम 5:48 से रात्रि 8:20 बजे तक रहेगा।
क्या-क्या खरीदें
धनतेरस खरीदारी का दिन माना जाता है। धनतेरस के दिन भगवान धन्वंतरि, लक्ष्मी और कुबेर जी की पूजा की जाती है। इस दिन सोने चांदी सहित घरेलू उपयोग की चीजों को खरीदना शुभ होता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन भूमि, भवन, वाहन सहित अन्य चीजों को खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है। मिट्टी के दीये, श्रीयंत्र, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, झाड़ू, नमक, धनिया और हल्दी आदि खरीदना शुभ माना जाता है।