डीएवी एनसीएल पब्लिक स्कूल ब्लॉक-बी गोरबी को सीबीएसई से मिली संबद्धता, कक्षा 9वीं में प्रवेश शुरू होंगे
सिंगरौली। डीएवी एनसीएल पब्लिक स्कूल ब्लॉक-बी गोरबी को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) नई दिल्ली से सत्र 2026-27 के लिए संबद्धता प्राप्त हो गई है। इस उपलब्धि से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कौशल देव ने बताया कि स्कूल को सीबीएसई से संबद्धता मिलने के बाद अब सत्र 2026-27 से कक्षा 9वीं में प्रवेश प्रारंभ किए जाएंगे। इससे परियोजना क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से इस संबद्धता का इंतजार किया जा रहा था।
ब्लॉक-बी परियोजना के क्षेत्रीय महाप्रबंधक समीर कुंडू ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए डीएवी प्रबंधन और विद्यालय की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एनसीएल प्रबंधन अपने हितधारकों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत है और छात्रों की बेहतरी के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
वहीं डीएवी मध्य प्रदेश जोन-डी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी अमिताभ श्रीवास्तव ने भी विद्यालय को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि डीएवी संस्थान गुणवत्तापूर्ण और उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
परियोजना के अन्य अधिकारियों एवं डीएवी संस्थाओं के प्रमुखों ने भी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार को बधाई दी। प्रधानाचार्य कौशल देव ने निरंतर सहयोग के लिए एनसीएल प्रबंधन और डीएवी के अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
