चितरवई कला घाटी में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
सिंगरौली। जिले के चितरवई कला घाटी क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला का सड़ा-गला शव झाड़ियों में पड़ा मिला। शव से उठ रही तीव्र दुर्गंध के कारण आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
जानकारी के अनुसार, घाटी से गुजर रहे कुछ लोगों ने पहले असामान्य बदबू महसूस की। शक होने पर उन्होंने आसपास तलाश की, जहां झाड़ियों के बीच महिला का शव दिखाई दिया। शव की हालत अत्यंत खराब थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह कई दिनों पुराना हो सकता है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण और अन्य अहम पहलुओं का खुलासा हो पाएगा।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।
