खनिज विभाग ने अवैध कोयला लोड हाईवा सहित अवैध परिवहन करते 3 ट्रैक्टर किया जब्त
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया के द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने दो ट्रैक्टर को अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा। इस कार्रवाई में खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को मौके पर ही जप्त कर लिया और संबंधित नियमों के अंतर्गत आगे की कार्रवाई शुरू की।
मिली जानकारी बताया गया कि सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया के द्वारा दिनांक 07.11.2025 को अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के जांच के दौरान खनिज मुरूम के अवैध परिवहन मे संलग्न होने पर 2 ट्रैक्टर ट्रॉली एवं 1 ट्रैक्टर ट्रॉली खनिज रेत का अवैध परिवहन करने पर थाना कोतवाली वैढ़न की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया। वाहनों में खनिज नियमों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।
इसी तारतम्य में बताया गया कि खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा के द्वारा दिनांक 07.11.2025 को अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के जांच के दौरान खनिज गिट्टी डस्ट के अवैध परिवहन 1 ट्रैक्टर ट्रॉली खनिज रेत का अवैध परिवहन करने पर थाना बरगवां की अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया तथा विगत रात्रि खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के द्वारा 1 टेलर कोयला खनिज का अवैध परिवहन करते जप्त कर बंधौरा चौकी में अभिरक्षा में खड़ा करवाया गया। वाहनों में खनिज नियमों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।
सिंगरौली जिला खनिज संसाधनों की दृष्टि से समृद्ध है, लेकिन कुछ लोग इसके दुरुपयोग में संलग्न होकर सरकारी राजस्व को क्षति पहुँचा रहे हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ अब प्रशासन पूरी तरह से सख्त रुख अपनाए हुए है। जिला प्रशासन और खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार निरीक्षण, निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।
