सिंगरौली: जिले में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर प्रशासन और कुछ अख़बारों में यह प्रचार किया जा रहा था कि सिंगरौली में गैस की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
इसी दावे की सच्चाई सामने लाने के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान खुद वैढ़न के आईसीएच क्षेत्र में पहुंचे और सोशल मीडिया पर लाइव होकर प्रशासनिक दावों की धज्जियां उड़ा दीं। लाइव के दौरान उन्होंने साफ दिखाया कि इलाके में गैस सिलेंडर का भारी संकट है और लोग मजबूरी में भट्ठी और लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं।
प्रवीण सिंह चौहान ने सीधे तौर पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रशासन और जिम्मेदार विभाग दावा कर रहे हैं कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर जनता को भट्ठी पर खाना बनाने की नौबत क्यों आ रही है? यह स्थिति साफ दर्शाती है कि कागजों में सब कुछ दुरुस्त दिखाने का खेल चल रहा है, जबकि आम जनता परेशान हो रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इस लाइव के बाद प्रशासनिक दावों की साख पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि व्यवस्था सच में दुरुस्त होती तो आईसीएच जैसे इलाके में लोग गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर नहीं होते।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन केवल कागजी दावों से जनता को गुमराह करता रहेगा, या फिर जमीनी हकीकत को स्वीकार कर व्यवस्था सुधारने की दिशा में कदम उठाएगा? फिलहाल प्रवीण सिंह चौहान का यह लाइव प्रशासनिक व्यवस्था पर करारा तमाचा बनकर सामने आया है, जिसने सिंगरौली में गैस आपूर्ति की सच्चाई उजागर कर दी है।
