सिंगरौली । विंध्यनगर क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों पर प्रशासन और पुलिस ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कई स्पा सेंटरों के लाइसेंस, श्रम पंजीयन और संचालन नियमों में गड़बड़ी की आशंका सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक जांच में यदि कोई स्पा सेंटर बिना वैध अनुमति या नियमों के विपरीत संचालित पाया गया तो उसके खिलाफ सीलिंग, लाइसेंस निरस्तीकरण और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर बड़ी कार्रवाई संभव है।
इस बीच क्षेत्र में यह चर्चा भी है कि कुछ लोग प्रभावशाली नाम लेकर स्पा संचालकों से कथित वसूली कर रहे हैं, हालांकि पुलिस ने ऐसे दावों को निराधार बताते हुए कहा है कि यदि कोई प्रमाण मिला तो संबंधित लोगों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विंध्यनगर में नियमों के खिलाफ चल रहे स्पा सेंटर किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे और जल्द संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी।
