वार्ड-36 ग्राम जुवाडी के पोखर का होगा सौंदर्यीकरण, एनटीपीसी सीएसआर से 81 लाख की योजना
सिंगरौली।
नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड-36 अंतर्गत ग्राम जुवाडी में स्थित नव-निर्मित पोखर/तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर बड़ी सकारात्मक पहल सामने आई है। क्षेत्र की आवश्यकता एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए वार्ड प्रतिनिधि द्वारा एनटीपीसी प्रबंधन विंध्यनगर को सीएसआर मद से कार्य कराए जाने हेतु मांग पत्र सौंपा गया था।
इस मांग पर गंभीरता दिखाते हुए बीते माह एनटीपीसी की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के उपरांत पोखर के सौंदर्यीकरण के लिए 81.00 लाख रुपये का विस्तृत स्टीमेट तैयार किया गया है, जिसे अब टेंडर प्रक्रिया हेतु स्वीकृति के लिए प्रक्रियाधीन रखा गया है।
बताया जा रहा है कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण होते ही आने वाले समय में बहुत जल्द पोखर सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा। इस योजना से न केवल गांव की सुंदरता में इजाफा होगा, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधा भी उपलब्ध होगी।
क्षेत्रवासियों में इस पहल को लेकर उत्साह है और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
