मंगलम पैलेस के पास की रोड पर निजी कार्यों के लिए कब्जा, रहवासी परेशान
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के अंतर्गत आने वाले मंगलम पैलेश के पास की गली में आमजन को रोजमर्रा की जिंदगी में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलम पैलेस के बगल में सड़क पर निजी कार्यों के चलते आवा-जाही पूरी तरह बाधित हो गई है। सड़क पर निर्माण सामग्री का अंबार लगा है, वहीं वाहनों के आने जाने लिए न तो पर्याप्त जगह बची है और न ही पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल रहा है। यह समस्या बीते कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं।
निजी स्वार्थ के में रहवासी परेशान
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि संबंधित स्थल पर कुछ लोगों द्वारा निजी निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, जिसके चलते सड़क को पूरी तरह बाधित कर दिया गया है। यह सड़क वहाँ के निवासियों के लिए प्रमुख मार्ग है, जो बिलौंजी के मुख्य मार्ग से जोड़ता है। परंतु अब यही रास्ता कई जगहों से संकुचित और बंद हो चुका है, जिससे आपात स्थिति में भी वहां से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है।
रहवाशियो की मांग तत्काल हटे अतिक्रमण
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस प्रकार के निजी स्वार्थ के लिए सार्वजनिक मार्गों पर कब्जा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सड़क से तत्काल निर्माण सामग्री हटाई जाए और आमजन की सुविधा बहाल की जाए।
