घरेलू गैस सिलेंडरों से तैयार की जा रही थी शराब, 15 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
सिंगरौली। चितरंगी पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हाथ भट्टी की बनी 15 लीटर अवैध महुआ शराब तथा बड़ी मात्रा में महुआ का लाहन बरामद कर नष्ट किया। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चितरंगी राहुल सैयाम के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 31 मार्च 2026 को थाना प्रभारी चितरंगी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खैरा निवासी अशोक जायसवाल अपने पिता राजपती जायसवाल के साथ लंबे समय से अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने का कारोबार कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। ट्यूबवेल पंप हाउस के पास बने मकान की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में महुआ का लाहन, कच्ची शराब बनाने के उपकरण और कई घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद हुए। पुलिस ने मौके से 15 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है। वहीं बड़ी मात्रा में मिले महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ कई वर्षों से महुआ शराब बनाकर बेचने का कार्य कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी अवैध शराब के मामलों में पकड़ा जा चुका है और पिता-पुत्र के विरुद्ध थाना चितरंगी में करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी से अवैध शराब खरीदने वालों के संबंध में भी जानकारी जुटाई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी, मउनि. उमेश तिवारी, सउनि. रमेश प्रसाद साकेत, आरक्षक सुभाष कुमार और अमलेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
