काचन नदी तट एवं हिरवाह मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण कार्य का आयुक्त ने किया निरीक्षण
मुक्तिधाम के समीप भूमि पर सार्वजनिक पार्क विकसित करने के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश
सिंगरौली :-
नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने आज काचन नदी तट एवं हिरवाह मुक्तिधाम के पास चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और कहा कि नदी तट का सुव्यवस्थित एवं आकर्षक विकास शहर की पहचान को नई दिशा देगा। साथ ही, इससे नागरिकों को स्वच्छ, सुंदर और सुकून भरा वातावरण भी मिलेगा।
आयुक्त ने हिरवाह मुक्तिधाम के समीप उपलब्ध भूमि का भी अवलोकन किया और वहां सार्वजनिक पार्क विकसित किए जाने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने नगर निगम के तकनीकी अमले को निर्देशित किया कि उक्त स्थल के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में नागरिकों को हरित क्षेत्र और मनोरंजन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय एवं उपयंत्री बिपिन तिवारी उपस्थित रहे।
